सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणा,संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए बनेगी खास समिति,बोले- संविदा कर्मी सरकार के हनुमान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संविदा कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके हितों की पूरी रक्षा करेगी और भविष्य में नियमित पदों पर अवसर देने के लिए ठोस कदम उठाएगी। भोपाल में आयोजित महासम्मेलन में उन्होंने कहा कि संविदा कर्मी शासन व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
सीएम डॉ मोहन यादव ने संविदा कर्मचारियों को ‘हनुमान’ बताते हुए कहा कि हमें आप लोगों की जरूरत
MP Contractual Employees News-मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू दशहरा मैदान में शुक्रवार को संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले संविदा कर्मचारियों का एक विशाल महासम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यरत संविदा अधिकारी और कर्मचारियों की सालों पुरानी मांगों को लेकर इस सम्मेलन में जमावड़ा लगा. इस सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सीएम मोहन यादव पहुंचे. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संविदा कर्मियों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए उन्हें नियमित पदों पर अवसर देने का भरोसा दिलाया.
संविदा नीति का होगा पालन
इस महासम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट कहा कि सरकार 2023 की संविदा नीति के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेगी. प्रदेश के सभी संविदा कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है. इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
समिति का होगा गठन
उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग और वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों को शामिल कर एक समिति का गठन किया जाएगा. यह समिति सभी विषयों पर मंथन करेगी और आवश्यक फैसला लेगी.
संविदाकर्मियों को बताया हनुमान
उन्होंने कहा कि सरकार को चलाने और योजनाओं को कारगर बनाने में सबसे अहम योगदान संविदा कर्मचारियों का है. सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना में संविदा कर्मचारियों की उतनी ही आवश्यकता है, जितनी श्रीराम को हनुमान की थी. संविदाकर्मी सरकार की कार्यप्रणाली का मजबूत आधार हैं, यह हमारे हनुमान है. सरकार संविदाकर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस