सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिखाए तीखे तेवर : कटनी विवाद के बाद अब सीएम के निर्देश पर DSP प्रभात शुक्ला और महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा को हटाया
कटनी में महिला पुलिस अधिकारी और उनके तहसीलदार पति के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में पुलिस अधीक्षक को हटाने के बाद अब दो अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई कीगई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख के बाद जांच के आधार पर डीएसपी प्रभात कुमार शुक्ला और महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाकर जबलपुर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में प्रशासनिक दृष्टि से संबद्ध कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

मामला सीएम डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में भी आ गया था जिसपर उन्होंने तीखे तेवर दिखाते हुए आरोपी अधिकारियों को हटा दिया है।
कटनी में महिला पुलिस अधिकारी और उनके तहसीलदार पति के बीच उपजे पारिवारिक विवाद में पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की जांच के बाद डीएसपी प्रभात कुमार शुक्ला और महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए जबलपुर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में प्रशासनिक दृष्टि से संबद्ध कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक्स पर एक वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले कटनी में हुए घटनाक्रम के फलस्वरूप दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। जांच उपरांत डीजीपी द्वारा दोनों अधिकारियों को स्थानांतरित कर संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक प्रक्रिया जारी है।
पहले एसपी को हटाया था
इससे पहले कटनी में पदस्थ पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन को भी इस विवाद के बाद हटाया गया था। बता दें, सीएसपी ख्याति मिश्रा और उनके तहसीलदार पति शैलेंद्र शर्मा के बीच पारिवारिक विवाद के बाद और परिजनों के साथ महिला थाने में विवादित कार्रवाई, कथित मारपीट जैसे गंभीर आरोप पुलिस पर लगे थे। साथ ही मीडियाकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में जांच कराई गई, जिसमें डीआईजी जबलपुर रेंज ने अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से बयान भी लिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से दोषी माने गए अधिकारियों को हटाने का निर्णय लिया।
बता दें, सीएसपी ख्याति मिश्रा और उनके तहसीलदार पति शैलेंद्र शर्मा के बीच विवाद चल रहा है। इस मामले में शैलेंद्र शर्मा ने तत्कालीन कटनी एसपी अभिजीत रंजन और उनकी पत्नी ख्याति मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस पर ख्याति मिश्रा का भी बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पति हमेशा उनको प्रताड़ित करते आए हैं। घरेलू बातों को मीडिया में वायरल करवाया।