48 घंटे में नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार: शाजापुर पुलिस की बड़ी सफलता मुस्कान अभियान के तहत

शाजापुर के थाना सुनेरा पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 48 घंटे में अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी कान्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने गुना और राजस्थान तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें टीम और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।

48 घंटे में नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार: शाजापुर पुलिस की बड़ी सफलता मुस्कान अभियान के तहत

अजय राज केवट (माही )

शाजापुर पुलिस की तेज कार्रवाई: अपहृत बालिका सुरक्षित, आरोपी कान्हा दबोचा

5 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, गुना-राजस्थान तक चला सर्च ऑपरेशनशाजापुर, मध्यप्रदेश। थाना सुनेरा पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को महज 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र से एक नाबालिग के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राम मझानिया निवासी आरोपी कान्हा बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस पर थाना सुनेरा में अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाजापुर ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करते हुए गुना एवं राजस्थान क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। सतत प्रयासों के बाद 10 अप्रैल 2026 को पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकित मुकाती, उप निरीक्षक बनेसिंह नागर, प्रधान आरक्षक कपिल नागर सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के अधिकारियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।