गुना में दुर्घटना स्थल पहुंचे प्रभारी मंत्री राजपूत, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता, घटना की जांच के आदेश
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं मुख्य संरक्षण मंत्री तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने धरनावदा कस्बे में घटनास्थल का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुआयना किया।

भोपाल। गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र के गांव धरनावदा में घटित दुर्घटना के बाद जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंगलवार रात में ही गुना पहुंचें। उन्होंने बुधवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटना स्थल का दौरा किया। श्री राजपूत ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया। मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही प्रारंभ की और मुख्यमंत्री जी को घटना के संबंध में अवगत करवाया गया। घटना बहुत ही दुखद है। राज्य सरकार दुःख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दिए गए है ताकि घटना के सही कारणों का पता चल सके।
यह है पूरा मामला
आम तोड़ने गए थे, बछड़े को भगाया तो वह कुएं में गिरा जानकारी के मुताबिक धरनावदा गांव के मुहाने पर अनिल भदौरिया नाम के व्यक्ति का खेत है। इस खेत के बीचों-बीच लगभग 70 फीट गहरा एक कुआं है, जिसमें 12 फीट पानी भरा है। आसपास बगीचा है। बगीचे में करीब 15 से 20 आम के पेड़ हैं। अनिल ने इन पेड़ों से आम तोड़ने का ठेका गांव के ही दो लोगों को दे रखा था।
मंगलवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच तीन लोग आम तोड़ने के लिए खेत पर पहुंचे। इसी दौरान वहां एक बछड़ा आ गया। उन्होंने उसे भगाने की कोशिश की, तो वह कुएं में गिर गया। बछड़े को बचाने के लिए एक के बाद एक 6 लोग कुएं में उतरते गए। पवन पिता ग्यारसी राम कुशवाह कुएं से पहले ही बाहर निकल आया था।
कुएं में जहरीली गैस की वजह से सभी को घुटन होने लगी बछड़े को बचाने के लिए दो लोग रस्सियों के सहारे कुएं में उतर गए। तीसरे व्यक्ति ने मदद के लिए गांव के अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद एक-एक कर कुल छह लोग कुएं में उतरते गए। नीचे उतरते ही जहरीली गैस की वजह से सभी को घुटन होने लगी और उनके हाथ-पैर ने काम करना बंद कर दिया। इनमें से एक युवक किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि बाकी 5 लोग बेहोश होकर कुएं में डूब गए।