आदिवासी समुदाय के बीच कांग्रेस ने इंदिरा गांधी, भगवान बिरसा मुंडा व रानी लक्ष्मीबाई की जयंती मनाई
नरयावली विधानसभा के ग्राम बमोरी रेंगवा में कांग्रेस ने इंदिरा गांधी, भगवान बिरसा मुंडा और रानी लक्ष्मीबाई की जयंती मनाई। कार्यक्रम में आदिवासी समुदाय को सामग्री वितरण किया गया। कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने आदिवासी, गरीब और महिलाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए तथा आदिवासी क्षेत्र में उनके सम्मान में मंदिर भी स्थापित है।
इंदिरा गांधी को आदिवासी समुदाय आज भी भक्तिपूर्वक देवी के रूप में पूजता है
पड़ोसी देशों द्वारा हमारी संप्रभुता पर किए जा रहे हमलों को रोकने में केंद्र की मोदी सरकार विफल – रेखा चौधरी
सागर।पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती तथा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव रेखा चौधरी ने नरयावली विधानसभा के ग्राम बमोरी रेंगवा के आदिवासी बहुल क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर अमर शहीद रानी लक्ष्मीबाई को भी उनकी जयंती पर नमन किया गया।
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा, इंदिरा गांधी और रानी लक्ष्मीबाई के चित्रों पर माल्यार्पण कर भावांजलि अर्पित की गई। आदिवासी समुदाय की महिलाओं को सुहाग सामग्री, पुरुषों को अंगवस्त्र तथा बच्चों को मिष्ठान एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा चौधरी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने आदिवासी, गरीब तथा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक क्रांतिकारी कार्य किए। उन्होंने भूमि संरक्षण के लिए कानून बनाए और आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहलें कीं। उनके सम्मान में मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के पाडल्या गांव में आदिवासी समुदाय द्वारा इंदिरा गांधी का मंदिर भी स्थापित किया गया है, जहां आज भी उन्हें देवी स्वरूप पूजते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन की भूमि नीतियों और शोषण के खिलाफ विद्रोह किया और रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीरतापूर्वक नेतृत्व किया।
इन्हीं महापुरुषों की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अनेक कदम उठाए। वर्तमान में पड़ोसी देशों द्वारा भारत की संप्रभुता पर किए जा रहे हमलों को रोकने में केंद्र की मोदी सरकार विफल रही है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस