मंत्रियों के गरिमा विहीन आचरण के खिलाफ वामपंथी दलों की मानव श्रृंखला : विजय शाह को बर्खास्त करने की मांग
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर भाकपा और माकपा ने किया प्रदर्शन -बनाई मानव श्रृंखला

भोपाल/ आज राजधानी के इतवारा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया गया तथा मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री और कुछ मंत्रियों के सेना के खिलाफ टिप्पणियों व गरिमाविहीन आचरण के सम्बन्ध में राज्यपाल से आवश्यक कार्रवाई कि मांग की गयी।
माकपा राज्य सचिव जसविंदर सिंह व भाकपा सह सचिव शैलेन्द्र कुमार शैली के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भाकपा के नवाव खान, नन्हे खान, फिदा हुसैन, एम एल सातपुते, डी आर बणछोड़ तथा माकपा के बादल सरोज, प्रमोद प्रधान, नीना शर्मा, पूषन भट्टाचार्य, दीपक पासवान, पी वी रामचंद्रन, पी एन वर्मा प्रमुख नेतृत्वकारी साथी व अन्य साथीगण मौजूद थे।
अपने उद्बोधन में जसविंदर सिंह व शैलेन्द्र कुमार शैली ने कहा कि मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की सैन्य अधिकारी के संबंध में अनुचित टिप्पणी व तत्संबंधी आचरण अक्षम्य है। उन्होंने मांग की कि विजय शाह को अपने मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए नहीं तो उन्हे बर्खास्त किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश के ही उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भारत की सेना की प्रतिष्ठा के खिलाफ़ एक बयान दिया है जो गरिमाविहीन आचरण का हिस्सा है। यह सब भाजपा व आरएसएस के वास्तविक चरित्र को उजागर करता है।
वक्ताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत दिनों "लाल सलाम" का नारा लगाने वालों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। वामपंथी दलों द्वारा इसकी कड़ी भर्त्सना की जा रही है। "लाल सलाम" का क्रांतिकारी नारा सारी दुनिया के मेहनतकशों, क्रांतिकारियों का नारा है। मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव ने "लाल सलाम" का नारा लगाने वाले साथियों के सम्बन्ध जिस तरह अपमानजनक टिप्पणी की थी उसके लिए उन्हे माफी मांगना चाहिए।
प्रदर्शन के अंत में मध्यप्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर मंत्री विजय शाह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी।