Former prime minister Dr Manmohan Singh passes away: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद देर शाम उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार साल 2006 में मनमोहन सिंह की दूसरी बार बाईपास सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वह काफी बीमार चल रहे थे। गुरुवार को उन्हें सांस लेने में तक़लीफ और बेचैनी के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में हुआ था।
कांग्रेस पार्टी ने कल यानी शुक्रवार को कर्नाटक में होने वाली अपनी रैली को रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वापस दिल्ली लौट रहे हैं। बता दें कि दोनों नेता कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए कर्नाटक गए हुए थे।
हालांकि अभी तक इस बात की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ड वाड्रा ने अपने सोशल मीडिया पर यह जानकारी सभी के साथ शेयर करते हुए मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है. 92 वर्षीय मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के दो बार प्रधानमंत्री रहे थे, जबकि इससे पहले उन्होंने ही 90 के दशक में पीवी नरसिम्हाराव की सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए देश में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी. मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों को ही भारतीय इकोनॉमी की वह नींव माना जाता है.
मनमोहन सिंह के दिल्ली एम्स में भर्ती कराए जाने की खबर मिलते ही कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी देर रात वहां पहुंच गईं. एम्स में मनमोहन सिंह की बेटी पहले से मौजूद थीं. उधर, कांग्रेस ने कर्नाटक के बेलगावी में चल रही CWC Meeting को बीच में ही रद्द कर दिया है. राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी कर्नाटक से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. उनके सीधे दिल्ली एम्स पहुंचने की संभावना है. तबीयत खराब होने के कारण दिल्ली में ही मौजूद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी एम्स के लिए रवाना हो गई हैं.