भगवान का जब बुलावा आता है तभी दर्शन होते हैं : प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने पर बोले अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने को लेकर जवाब दिया है। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा बयान देने पर भी जवाब दिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने के सवाल पर कहा कि हम सभी लोग उस परंपरा को मानते हैं कि जब भगवान बुलाते हैं तभी दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि घर से भगवान के दर्शन करके निकलते हैं। सीढ़ी उतरते ही भगवान के दर्शन होते हैं। दरवाजा खोलते ही भगवान के दर्शन होते हैं। अब आप ही बताइए कि किस भगवान के दर्शन करने जाऊं।
गुरुवार को सपा मुख्यालय में समाजवादी महिला सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों पर उन्होंने कहा कि ये भाजपा वालों से पूछना चाहिए क्योंकि वे भाजपा में पांच साल रहे। आखिरकार उनके दल में रहकर उन्होंने इस तरह के बयान क्यों नहीं दिए फिर बोले कि ये उनके व्यक्तिगत विचार हैं। सपा सभी धर्मों का सम्मान करती है।