सीएम योगी पर अखिलेश का पलटवार, बोले- जिसने खुद फिजिक्स नहीं पढ़ी, वो पेंडुलम सिखा रहे...


 

मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि फुटबाल खेलो, बताओ मुख्यमंत्री फुटबाल खेल पाएंगे क्या। खेलना हो तो खेल लें समाजवादियों से। मुख्यमंत्री को सिर्फ नफरत और झगड़े का खेल खेलना आता है। चाचा पेंडुलम नहीं वो ऐसा झूला- झुला देंगे कि समझ नहीं आएगा, जिसने खुद फिजिक्स नहीं पढ़ी वो पेंडुलम सिखा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री आवास विकास के एक मैरिज होम में मंगलवार को ब्राह्मण समाज के आशीर्वाद सम्मेलन में बोल रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीआई और ईडी की बात करते हैं तो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की जांच कब कराएंगे। जहां चुनाव होगा वहीं जांच होगी। मैनपुरी के लोगों ने कई बार नेताजी को चुनकर भेजा है। चाहे वो किसी भी दल में रहे हों, लोगों ने उनके नाम पर वोट दिया है। यहां जितना विकास, सड़कें, अस्पताल दिख रहे हैं, ये सब नेताजी के प्रयास से ही हुआ है। यहां बारिश में बिजली के तार टूट कर गिर जाते थे, सपा सरकार में उन तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य किया गया।

बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मैनपुरी में आयोजित जनसभा में शिवपाल यादव पर तंज करते हए कहा कि उनकी स्थिति एक पेंडुलम जैसी है। बेचारे को पिछली बार कितना बेइज्जत करके भेजा था। कुर्सी तक नहीं मिली, उसके हैंडल में बैठना पड़ा था। पेंडुलम का कोई लक्ष्य नहीं होता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि गेंदालाल दीक्षित बहुत बड़े क्रांतिकारी थे। उन्होंने रामप्रसाद बिस्मिल के साथ मिलकर मैनपुरी में ही आजादी की योजनाएं बनाई। गेंदालाल दीक्षित और रामप्रसाद बिस्मिल की याद में कोई बड़ा काम होगा तो वो सपा सरकार ही करेगी। समाजवादी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। भाजपा अटल जी के नाम को लेकर हमेशा वोट मांगती है। उनके नाम पर बनी यूनिवर्सिटी, उनकी प्रतिमा, उनके नाम का स्टेडियम सपा सरकार द्वारा बनाए गई संस्थाओं में ही है।

उन्होंने कहा कि अगर सपा लोहिया इंस्टीट्यूट, लोकभवन और इतना बड़ा स्टेडियम ना बनाती तो भाजपा अटल जी के नाम पर क्या करती। आज अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। किसानों को डीएपी नहीं मिल रही। धान खरीद का इंतजाम नहीं हैं। सवाल जाति धर्म का नहीं खुशहाली और तरक्की का है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित किया था। मानसरोवर और श्रवण यात्रा के लिए लोगों की सरकारी सहायता की थी। शिक्षकों को सुविधाएं दी। देश का सबसे बड़ा जनेश्वर मिश्र पार्क बनाया। इस मौके पर विधानसभा के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय, विधायक विनय शंकर तिवारी, आलोक तिवारी, पवन पांडेय, प्रदीप तिवारी, मनोज दुबे, रमेश दुबे, रजनीश मिश्र, हरिओम मिश्र, आचार्य हरगोविंद आदि मौजूद रहे।

Popular posts from this blog

शुजालपुर *कुर्सी तोड़ टी.आई रतन लाल परमार ऐसा काम ना करो ईमानदार एस.पी को बदनाम ना करो*

ट्रांसफर नीति पर अपने ही नियम तोड़ रहा एनएचएम ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन किए कम्नूटी हेल्थ ऑफिसर के ट्रांसफर

फल ठेले बाले ने नपा सीएमओ पर बरसाए थप्पड़, कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा वीडियो वायरल