*गुजरात BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की महात्मा गांधी के कांग्रेस को खत्म करने का सपने को भाजपा पूरा करेगी*
कुलदीप मोर्य। अंजना मिश्रा
सूरत संवाददाता। गुजरात ब्यूरो प्रमुख
गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि महात्मा गांधी के कांग्रेस को खत्म करने के सपने को भाजपा पूरा करेगी। गुजरात में भाजपा सदस्यता अभियान के साथ पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों का गठन कर रही है। अहमदाबाद के वटवा तथा अमराई वाडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में पाटिल ने पन्ना प्रमुखों को पहचान पत्र वितरित किए। करीब 17 हजार कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पाटिल ने कहा कि पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समितियां भाजपा का अभेद्य एवं अचूक शस्त्र है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का आजादी के बाद यह सपना था कि कांग्रेस को खत्म कर दिया जाए। अब उनका सपना भाजपा पूरा करेगी।पाटिल ने कांग्रेस को डूबती नाव बताते हुए कहा कि वह अपना अस्तित्व खोती जा रही है। पाटिल ने अहमदाबाद की 192 महानगर पालिका सीटों में से 175 सीट जीतने का कार्यकर्ताओं के सामने लक्ष्य रखा। 2015 के चुनाव में भाजपा को 142 सीटें हासिल हुई थीं, जबकि 48 पर कांग्रेस विजेता रही।
कांग्रेस को नसीहत न दे भाजपा
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भाजपा अध्यक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि पाटिल पार्टी के लिए किस तरह धन की उगाही कर रहे हैं, यह पूरा प्रदेश जानता है। पाटिल ने कांग्रेस में चुनावी टिकट बेचे जाने का आरोप लगाया था, जिसके जवाब में चावड़ा ने कहा कि उन्हें 135 साल पुरानी कांग्रेस की चिंता करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने कुर्बानी देकर देश को आजाद कराया है तथा देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने को समर्पित है।
समारोह में गृह राज्य मंत्री व अहमदाबाद भाजपा के प्रभारी प्रदीप सिंह जाडेजा भी उपस्थित थे। जाडेजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने पूर्ण समर्पण के साथ पार्टी को जीत दिलाएंगे। पन्ना प्रमुख कांग्रेस को हराने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता तथा पेज समितियां हैं। समारोह में रेवाड़ी के विधायक जगदीश पटेल भी मौजूद रहे तथा शहर भाजपा अध्यक्ष भी इसमें शामिल हुए। इससे पहले कच्छ में आयोजित एक समारोह में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पाटिल को घूमते हुए कमल निशान के प्लेटफार्म पर खड़ा कर उनका भव्य स्वागत किया। पाटिल ने यहां पर भी पन्ना प्रमुख के साथ संवाद किया तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनाव की रणनीति पर विचार किया।