सूरत-लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले टैम्पो ड्राइवर ने खुदकुशी की* - *आर्थिक तंगी से परेशान होने की आशंका
कुलदीप मोर्य। अंजना मिश्रा
सूरत.
शहर के पांडेसरा में रहने वाले एक टैम्पो चालक ने आर्थिक तंगी के कारण गुरुवार रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह चार माह से लीव इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, पांडेसरा वडोद गाम निवासी पंकज भानुदास पाटिल टैम्पो चलाकर परिवार का गुजारा चलाता था, लेकिन कोरोना लॉकडाउन के बाद से उसका काम अच्छा नहीं चल रहा था। इसके चलते वह परेशान था। इसी दौरान पंकज ने गुरुवार रात को घर में फांसी लगा ली। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मृतक पंकज महाराष्ट्र के जलगांव का निवासी था। उसके परिवार में एक छोटा भाई है। पंकज की शादी हो गई थी, लेकिन एक साल पहले वह पत्नी से अलग हो गया था।
इसके बाद वह पिछले चार माह से किसी युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दूसरी तरफ काम काज अच्छा नहीं चलने के कारण उसे घर चलाने में काफी परेशानी हो रही थी। उसने तीन माह से मकान का किराया भी नहीं चुकाया था। बिजली बिल भी बकाया होने के कारण कनेक्शन कट हो गया था। परिजनों ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की आशंका जताई है।