प्रदर्शनों के बीच मोदी बोले- संसद ने कृषि सुधारों को कानूनी रूप दिया, इससे किसानों को हक और मौके मिले

 Anjanà Mishra


नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रेडियो कार्यक्रम मन की बात में कहा कि भारत में खेती और उससे जुड़ी चीजों के साथ नए आयाम जुड़ रहे हैं। बीते दिनों हुए कृषि सुधारों ने किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। बरसों से किसानों की जो मांग थी, जिन मांगों को पूरा करने के लिए किसी समय में हर राजनीतिक दल ने उनसे जो वायदा किया था, वे मांगें पूरी हुई हैं। काफी विचार-विमर्श के बाद संसद ने कृषि सुधारों को कानूनी रूप दिया। इन सुधारों से न केवल किसानों के बंधन खत्म हुए, बल्कि उन्हें अधिकार और अवसर भी मिले हैं।

 कृषि की पढ़ाई कर युवा अपने आसपास के किसानों को उनसे जुड़ी बातें समझाएं। इससे किसानों को फायदा होगा। करीब एक साल पहले हमें कोरोना के बारे में पता चला था। अब वैक्सीन की चर्चा होने लगी है, लेकिन लापरवाही घातक है।

मोदी बोले कि आज जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात कर रहे हैं, तब महर्षि अरबिंदो याद आते हैं। उन्होंने खुद की क्षमता पर भरोसा करने की बात कही। अरबिंदो ने विदेशों से सीखने का विरोध नहीं किया। यही आत्मनिर्भर भारत की वोकल फॉर लोकल भावना है। अरबिंदो कहते थे कि राष्ट्र की शिक्षा स्टूडेंट की दिल-दिमाग की ट्रेनिंग होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा की जो बात तब कही थी, वह आज हम नई शिक्षा नीति के माध्यम से कर रहे हैं।

मोदी ने कहा कि कोरोनाकाल के बावजूद हमने हैरिटेज वीक मनाते देखा। दिल्ली में हमारे संग्रहालय में कई सराहनीय प्रयास किए गए। अब आप घर बैठे इसे देख पाएंगे। अजंता की गुफाओं की पेंटिंग्स को संजोने का काम जारी है। प्रकृति को देखने के नजरिए में बदलाव आया है। इंटरनेट चेरी ब्लॉसम से भरा पड़ा है। शिलॉन्ग की तस्वीरें भरी पड़ी हैं।

मोदी बोले कि डॉ. सलीम अली की 125वीं जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने पक्षियों के लिए काफी काम किया है। भारत में बहुत सी बर्ड वॉचिंग संस्थाएं सक्रिय हैं। बीते दिनों मुझे भी पक्षियों के बीच समय बिताने का मौका मिला था। कई लोग पक्षियों की खोज में भारत आए और यहीं के होकर रह गए।

मोदी ने बताया कि जोनस ब्राजील में लोगों को उपनिषद पढ़ाते हैं। वे 4 साल तमिलनाडु के गुरुकुल में रहे। वे स्टॉक से लेकर स्प्रिचुअलिटी तक अपना मैसेज टेक्नोलॉजी से आगे बढ़ाते हैं। वे 1.5 लाख स्टूडेंट्स को पढ़ा चुके हैं। न्यूजीलैंड के एक सांसद गौरव शर्मा ने संस्कृत में शपथ ली। हम कामना करते हैं कि वे नई उपलब्धियां प्राप्त करेंगे।

मोदी बोले कि कल गुरुनानक देव जी का 551वां प्रकाश दिवस मनाएंगे। दुनियाभर में उनके संदेश सुनाई देते हैं। वे कहते थे कि सेवक का काम सेवा करना है। बीते सालों में सेवा करने के कई मौके आए और गुरु साहब ने हमसे कई सेवाएं लीं। गुरु साहब की कृपा रही कि उन्होंने मुझे सेवा के लिए करीब से जोड़ा। कच्छ के लखपत गुरुद्वारा की मरम्मत कराई गई। इसकी यूनेस्को ने भी तारीफ की। इस गुरुद्वारे में असीम शांति मिलती है।

पिछले साल करतारपुर कॉरिडोर का खुलना ऐतिहासिक रहा। ये सौभाग्य है कि हमें दरबार साहिब की सेवा का सौभाग्य मिला। इससे दुनियाभर की संगत पास आ गई है। मानवता की सेवा की ये परंपरा हमारे लिए प्रेरणा का काम करती है।

मोदी ने कहा कि देश के लोगों को एक खुशखबरी देना चाहता हूं। मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा कनाडा से भारत आ रही है। यह 100 साल पहले 1913 में वाराणसी से चुराकर भेजी गई थी। मां अन्नपूर्णा का काशी से गहरा संबंध। इस प्रतिमा का वापस आना हमारे लिए सुखद। ऐसा करने वाले गिरोह पर सख्ती लगाई जा रही है।

Popular posts from this blog

शुजालपुर *कुर्सी तोड़ टी.आई रतन लाल परमार ऐसा काम ना करो ईमानदार एस.पी को बदनाम ना करो*

ट्रांसफर नीति पर अपने ही नियम तोड़ रहा एनएचएम ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन किए कम्नूटी हेल्थ ऑफिसर के ट्रांसफर

फल ठेले बाले ने नपा सीएमओ पर बरसाए थप्पड़, कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा वीडियो वायरल