परमबीर सिंह मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर बने


मुंबई. महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह की मुंबई पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। 1988 बैच के आईपीएस अफसर परमबीर शनिवार को सेवानिवृत्त हुए संजय बर्वे की जगह लेंगे। इससे पहले वे भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक के तौर पर तैनात थे। परमबीर को जुलाई 2018 में ठाणे पुलिस आयुक्त के पद से महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय भेजा गया था। परमबीर को 'अंडरवर्ल्ड स्पेशलिस्ट' के तौर पर भी माना जाता है।
परमबीर मालेगांव ब्लास्ट की जांच के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद चर्चा में आए थे। उस दौरान कहा गया कि सिंह के पास इस मामले की जांच थी और उनके प्रयास से ही प्रज्ञा पर शिकंजा कसा था। हालांकि हेमंत करकरे उस वक्त एटीएस चीफ थे।
परमबीर एटीएस में डिप्टी आईजी के पद पर भी रह चुके हैं। सिंह का सर्विस रिकाॅर्ड अच्छा रहा है। वे चंद्रपुर और भंडारा के जिला पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। मुंबई पुलिस कमिश्नर की रेस में परमबीर के साथ पुणे पुलिस आयुक्त के वेंकटेशम और 1988 बैच के आईपीएस अफसर रजनीश शेठ का भी नाम था।
आज सेवानिवृत्त हुए संजय बर्वे पहले 31 अगस्त 2019 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उन्हें उस समय 3 महीने का एक्सटेंशन दिया गया था। 30 नवंबर को एक्सटेंशन खत्म होने के बाद एक बार फिर से उन्हें एक्सटेंशन दिया गया, जो आज खत्म हो गया। 
परमबीर को अंडरवर्ल्ड नेटवर्क की पूरी जानकारी है। 1993 के सीरियल बम ब्लास्ट के एक आरोपी को भी उन्होंने पकड़ा था। इसके अलावा ठाणे पुलिस कमिश्नर रहने के दौरान उन्होंने ड्रग्स रैकिट केस में बॉलीवुड ऐक्ट्रेस ममता कुलकर्णी को आरोपी बनाया। ड्रग्स रैकिट के केस में चंडीगढ़ के डीआईजी शाजी मोहन को भी गिरफ्तार किया था। अपने करियर में परमबीर सिंह ने अंडरवर्ल्ड से जुड़े बहुत सारे ऑपरेशन किए।
सितंबर 2017 में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के भाई इकबाल कासकर की गिरफ्तारी के वक्त परमबीर ठाणे के पुलिस कमिश्नर थे। इकबाल को बिल्डर से उगाही की धमकी के आरोप में ठाणे क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।


Popular posts from this blog

शुजालपुर *कुर्सी तोड़ टी.आई रतन लाल परमार ऐसा काम ना करो ईमानदार एस.पी को बदनाम ना करो*

ट्रांसफर नीति पर अपने ही नियम तोड़ रहा एनएचएम ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन किए कम्नूटी हेल्थ ऑफिसर के ट्रांसफर

फल ठेले बाले ने नपा सीएमओ पर बरसाए थप्पड़, कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा वीडियो वायरल