कुछ सेवानिवृत्त अधिकारी हर माह निगम को लगा रहे चूना
रायपुर.
नगर निगम से सेवानिवृत्त कुछ अधिकारी पिछले तीन-चार साल से नगर निगम द्वारा आवंटित किए गए मोबाइल सिम कार्ड को अभी तक जमा नहीं किए हैं। इस सिम कार्ड का इन अधिकारियों द्वारा धड़ल्ले से अनाधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा है। जिसका बिल हर माह १००० रुपए तक आ रहा है। जिसका भुगतान नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। नगर निगम ने करीब ४०० से अधिक मोबाइल नंबर अपने-अधिकारियों-कर्मचारियों को आवंटित किए थे। इसमें कुछ लोग सेवानिवृत्त हो गए हैं, लेकिन अभी तक निगम से मिले सिम कार्ड को वापस नहीं किया है।
२४ हजार से ४० हजार रुपए का निगम को फटका
बताया जाता है कि एक अधिकारी अब तक अनाधिकृत रूप निगम के मोबाइल सिम कार्ड का उपयोग कर करीब २४ हजार से ४० हजार तक निगम को चूना लगा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार निगम से सेवानिवृत्त हुए करीब सात से आठ अधिकारी हैं, जिन्होंने अभी तक मोबाइल सिम कार्ड जमा नहीं किए हैं। इसमें जोन कमिश्नर, राजस्व अधिकारी और इंजीनियर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। निगम के अधिकारियों ने मामला संज्ञान में आने के बाद अब जिन अधिकारियों ने सेवानिवृत्त के बाद निगम के सिम कार्ड का वापस नहीं किया और उसका उपयोग कर रहे हैं, एेसे लोगों से रिकवरी करने या फिर पेंशन की राशि रोकने की बात कह रहे हैं।